ARRAH: बिहार में अपराधियों का तांडव जारी है, अपराधी इतने बेलगाम हो गये हैं कि एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को बेखौफ होकर अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला आरा का है, जहां एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने जमकर हंगामा मचाया और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। एसपी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग करते हुए लोगों ने शव को उठने नहीं दिया।  


भोजपुर में इन दिनों अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। अपराधियों ने जिले में हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। भोजपुर जिले के धोबहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मैनपुरा गांव में काली मंदिर के पास हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने युवक के सिर में काफी करीब से गोली मारी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।


मृतक की पहचान धोबहा थाना क्षेत्र के हेमतपुर गांव निवासी स्व. मुन्ना सिंह के 20 वर्षीय पुत्र सोनू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोनू बाहर रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था।


घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया और एसपी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग करते हुए शव को मौके से उठने नहीं दिया।


इधर, घटना की सूचना मिलते ही साइबर डीएसपी सह प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 रौशन कुमार एवं धोबहा थानाध्यक्ष वर्षा रानी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हत्या के कारणों और घटना में शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है।