ARRAH: भोजपुर जिले के आरा रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक संगठित अंतरराज्यीय महिला चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट आरा के निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार एवं रेल थाना आरा के थानाध्यक्ष रंधीर कुमार के नेतृत्व में की गई।गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से चोरी की गई ₹45,900 की नकदी, लाल रंग का पर्स, सोने का प्रतीत होने वाला एक लॉकेट तथा ₹500 नकद बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार पटना निवासी प्रकाश कुमार अपने परिजनों को गाड़ी संख्या 13041 के ए-1 कोच में यात्रा के लिए बैठा रहे थे। इसी दौरान पांच महिलाओं ने योजनाबद्ध तरीके से उनके परिवार की घेराबंदी कर उनकी माता के पर्स से ₹45,900 चोरी कर ली। पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर मौके पर मौजूद आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांचों महिलाओं को पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने अपनी पहचान सोनू गौतम नाड़े (40), नयना शंकर नाड़े (32), खुशबू (30), शेषकला (35) एवं वनिता (25) के रूप में बताई। सभी महाराष्ट्र के नागपुर जिले के रामेश्वरी रिंग रोड टोली क्षेत्र की रहने वाली हैं। तलाशी के दौरान सोनू गौतम नाड़े के पास से चोरी किया गया पर्स और पूरी नकदी बरामद हुई, जबकि नयना शंकर नाड़े के पास से सोने का प्रतीत होने वाला एक लॉकेट और ₹500 नकद मिला, जिसका वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।
पूछताछ में महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, को निशाना बनाकर घेराबंदी कर पर्स एवं अन्य कीमती सामान चोरी करती हैं। पुलिस गिरोह के आपराधिक इतिहास तथा अन्य राज्यों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। रेलवे परिसर में अपराधियों के खिलाफ "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी का संयुक्त अभियान लगातार जारी है।