Bihar Crime News: आरा के टाउन थाना क्षेत्र में मझौवां बांध के पास बुधवार देर रात एक अज्ञात अधेड़ महिला की ईंट, डंडे और अन्य वस्तुओं से हमला कर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ। पुलिस मामले में दुष्कर्म की आशंका समेत हत्या के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, महिला मानसिक रूप से बीमार बताई जा रही है और उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटनास्थल पर उसके चेहरे और कान के पास चोट के निशान तथा खून मिला है। चोट के पास खून लगी ईंट भी बरामद की गई है। सूचना मिलने पर टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से विभिन्न वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने घटनास्थल से खून लगी ईंट के अलावा करीब 150 रुपये के खुदरा पैसे भी बरामद किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति महिला पर डंडे से हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने सुनील शर्मा नामक संदिग्ध को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है। वह नवादा थाना क्षेत्र के श्रीटोला का रहने वाला बताया गया है और मझौवां बांध के पास एक दुकान में काम करता था।
पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपी की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। सिविल सर्जन डॉ. शिवेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड गठित कर पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान वैज्ञानिक जांच के लिए महिला का वैजाइनल स्वाब भी लिया गया।
सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि दुष्कर्म की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 45 वर्षीय महिला मानसिक रूप से बीमार थी और मझौवां बांध, निजी स्कूल तथा नाला मोड़ के आसपास घूमकर मांगने से अपना गुजारा करती थी। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में महिला की मौत चोट पहुंचाकर हत्या किए जाने का उल्लेख है। हालांकि, मौत का सटीक कारण और दुष्कर्म हुआ था या नहीं, यह पोस्टमार्टम, मेडिकल रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।