Bihar Education News: सीवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करमाली हाता स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में बुधवार सुबह प्रार्थना सभा के दौरान अचानक चार छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. प्रार्थना के दौरान चक्कर आने से चारों छात्राएं एक-एक कर गिर गईं. छात्राओं के गिरते ही विद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई. विद्यालय प्रशासन ने तुरंत सभी छात्राओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में भर्ती छात्राओं की पहचान बंदना कुमारी, प्रियंका कुमारी, नंदनी कुमारी और साक्षी कुमारी के रूप में हुई है. चारों छात्राओं को सदर अस्पताल के आपात कक्ष में भर्ती कराया गया, जहां तैनात चिकित्सक डॉ. रजनीकांत तिवारी ने उनका उपचार किया.
जांच के बाद सभी छात्राओं की स्थिति सामान्य पाई गई. चिकित्सक के अनुसार, छात्राओं को कोई विशेष परेशानी नहीं थी. उपचार के बाद सभी छात्राओं को स्वस्थ अवस्था में वापस विद्यालय भेज दिया गया.
छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही कुछ परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए. अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्राओं की जांच की और उनकी स्थिति सामान्य बताई. इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली.
डॉ. रजनीकांत तिवारी ने बताया कि चारों छात्राएं स्वस्थ हैं. जांच और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से वापस विद्यालय भेज दिया गया.