Bihar Board Registration: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने से वंचित विद्यार्थियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और अनुमति आवेदन कराने का अंतिम अवसर दिया है. छूटे हुए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन 18 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक कराया जा सकेगा. इस दौरान विद्यार्थियों को विलंब शुल्क भी जमा करना होगा.


बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बताया कि इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए जिन विद्यार्थियों का अब तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और अनुमति आवेदन नहीं हो पाया है, उनके लिए यह विशेष एवं अंतिम अवसर दिया गया है. संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्धारित अवधि के भीतर छूटे हुए विद्यार्थियों का आवेदन पूरा कराने का निर्देश दिया गया है.


इंटर के विद्यार्थियों के लिए अलग वेबसाइट

इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया शिक्षण संस्थानों के प्रधान अपने यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर पूरी कर सकेंगे.


मैट्रिक के विद्यार्थियों का भी होगा रजिस्ट्रेशन

मैट्रिक परीक्षा 2027 के लिए मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधान अपने यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर छूटे हुए विद्यार्थियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और शुल्क जमा कर सकेंगे. इसके लिए बिहार बोर्ड की निर्धारित वेबसाइट के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.


बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 18 अगस्त से 22 अगस्त तक मिलने वाला यह अवसर अंतिम है. इस अवधि में रजिस्ट्रेशन और अनुमति आवेदन कराने वाले विद्यार्थियों से निर्धारित विलंब शुल्क भी लिया जाएगा. शिक्षण संस्थानों के प्रधानों को निर्देश दिया गया है कि वे तय समय सीमा के भीतर सभी योग्य और छूटे हुए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें.