Loan Apps Ban India: गृह मंत्रालय के इंडियन साइबरक्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने संदिग्ध लोन ऐप्स के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. I4C की थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने तीन ऐसे लोन ऐप्स की पहचान की है, जिन्हें लेकर यूजर्स की निजी और वित्तीय जानकारी के दुरुपयोग की आशंका जताई गई है. इसके बाद Google को इन ऐप्स को Play Store से हटाने या इन तक पहुंच बंद करने का निर्देश दिया गया.
I4C के निर्देश के बाद Google को Horizon Cash Service, Money Score Monitor और ZeliCredit को हटाने के लिए कहा गया. एजेंसी के मुताबिक, ये ऐप्स जल्दी लोन देने और कम ब्याज दर का दावा करके यूजर्स को आकर्षित करते थे. आरोप है कि लोन देने के बाद ग्राहकों से अधिक रकम वसूली जाती थी.
मोबाइल का डेटा भी हो सकता है निशाने पर
I4C ने इन ऐप्स को लेकर एक और गंभीर चिंता जताई है. एजेंसी के अनुसार, ऐप डाउनलोड करने के बाद इनके जरिए यूजर्स के मोबाइल में मौजूद संवेदनशील जानकारी तक पहुंच हासिल किए जाने का खतरा था. इसमें आधार जैसी व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारी, वित्तीय विवरण, कॉन्टैक्ट्स, गैलरी और कैमरा जैसी जानकारियां शामिल हैं.
ऐसे ऐप्स का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए निजी डेटा की सुरक्षा एक बड़ी चिंता बन सकती है, क्योंकि मोबाइल में मौजूद जानकारी का गलत इस्तेमाल होने पर आर्थिक नुकसान के साथ-साथ व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग का खतरा भी रहता है.
तीन घंटे के भीतर हटाने का दिया था निर्देश
I4C ने Google को नोटिस मिलने के तीन घंटे के भीतर इन तीन ऐप्स से जुड़े URL हटाने या उन तक पहुंच बंद करने का निर्देश दिया था. यह कार्रवाई Information Technology Act, 2000 की धारा 79(3)(b) और IT Rules, 2021 के नियम 3(1)(d) के तहत की गई. रिपोर्ट के मुताबिक, Google की ओर से इस निर्देश का पालन कर लिया गया है.
पहले भी हटाए जा चुके हैं कई लोन ऐप
संदिग्ध लोन ऐप्स के खिलाफ I4C की यह कार्रवाई पहली नहीं है. इससे पहले 7 अगस्त को जारी एक अन्य नोटिस में Google को छह और लोन ऐप्स को Play Store से हटाने का निर्देश दिया गया था.
इन ऐप्स में LoanOrbit, Hisab, Nexus Loan, One Fund, Credit Factor और Mobile Credit Prairie के नाम शामिल थे. इन ऐप्स पर भी जल्दी लोन देने और कम ब्याज दर का दावा कर यूजर्स को आकर्षित करने के बाद कथित तौर पर ज्यादा रकम की मांग करने के आरोप लगाए गए थे.
I4C की लगातार हो रही कार्रवाई के बीच मोबाइल यूजर्स के लिए किसी भी लोन ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और परमिशन की जांच करना महत्वपूर्ण हो गया है. खासकर ऐसे ऐप्स से सावधान रहने की जरूरत है जो लोन के बदले जरूरत से ज्यादा निजी जानकारी या मोबाइल डेटा का एक्सेस मांगते हैं.