Bihar Road Accident: बिहार के वैशाली जिले के महुआ-ताजपुर सड़क पर मेडिकल कॉलेज महुआ के निकट तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।



मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान महुआ मेडिकल कॉलेज के निकट तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। घायलों को इलाज के लिए महुआ अनुमंडल अस्पताल भेजा गया। सूचना पर महुआ पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।



हादसे में मृत युवकों की पहचान महुआ के सिंहराय पश्चिमी टोला वार्ड संख्या 16 निवासी सोहन राय के पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ भोला और चांदसराय निवासी विनोद राय के पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। अभिषेक दो भाइयों में बड़ा था, जबकि अमन दो भाइयों में छोटा था। दोनों की मौत की खबर से परिवारों में मातम छा गया है।




वहीं, तीसरे घायल युवक की पहचान चांदसराय निवासी आलोक राय के पुत्र प्रीतम कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रीतम अपने भाई में अकेला है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वह नौवीं कक्षा का छात्र है, जबकि अमन दसवीं कक्षा में पढ़ता था। इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।