VAISHALI: वैशाली में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। SSP शुभांक मिश्रा के निर्देश पर रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के जफराबाद टोक दियारा में पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 25 हजार लीटर अर्धनिर्मित कच्चा जावा महुआ बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस ने शराब बनाने के लिए संचालित 10 अवैध भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब निर्माण के पूरे सेटअप को नष्ट करते हुए अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार किया।
दियारा इलाके में लंबे समय से मिल रही थी शिकायत
जफराबाद टोक दियारा इलाके में लंबे समय से अवैध शराब के निर्माण और तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर इन ठिकानों पर कार्रवाई की।
SSP शुभांक मिश्रा ने जिले में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी, परिवहन, बिक्री और सेवन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश के बाद जिले के अलग-अलग इलाकों में पुलिस लगातार अभियान चला रही है।
शराब कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर पुलिस की नजर
पुलिस की कार्रवाई के दौरान हजारों लीटर कच्चा जावा महुआ नष्ट करने के साथ 10 अवैध भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। पुलिस अब शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य ठिकानों और नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। शराब से जुड़े लोगों और उनके ठिकानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।