PATNA: बिहार के पटना, सारण, वैशाली समेत कई जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ और कटाव का खतरा बढ़ गया है। राज्य के कई हिस्सों और पड़ोसी राज्यों में हो रही बारिश के साथ-साथ डैम से छोड़े जा रहे पानी का असर भी नदियों के जलस्तर पर दिखाई दे रहा है। गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण कई इलाकों में कटाव की समस्या सामने आने लगी है।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर से आरजेडी विधायक तेजस्वी यादव शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने राघोपुर में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के कारण कटाव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
तेजस्वी यादव ने तटवर्ती गांवों पर मंडरा रहे खतरे का जायजा लिया और अधिकारियों से इलाके की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और अभियंताओं से गंगा के जलस्तर, कटाव और संभावित जोखिमों को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान तेजस्वी यादव ने अधिकारियों को जलस्तर और कटाव की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ या कटाव की किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही कटाव प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कटाव निरोधक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन की तैयारियों और प्रभावित इलाकों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। तटवर्ती गांवों के लोगों में भी नदी के बढ़ते जलस्तर और कटाव को लेकर चिंता बनी हुई है।