VAISHALI: एमएलसी चुनाव के बीच बाहुबली नेता अनंत सिंह के बयान को लेकर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर अनंत सिंह ने कोई आरोप लगाया है, तो जेडीयू की सरकार उसकी जांच कराए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि उन्हें इससे कोई मतलब नहीं है कि कौन क्या आरोप लगा रहा है।
प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि वे अच्छे नेता हैं और समाज की चिंता करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार उनके उम्मीदवार के सामने अपना उम्मीदवार खड़ा कर एक लाइन भी बोल दें, तो वे उनके सम्मान में अपना उम्मीदवार वापस लेने को तैयार हो जाएंगे।
पीके ने आगे कहा कि नीतीश कुमार बिहार के उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने राज्य को सुधारने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार शारीरिक रूप से स्वस्थ नहीं थे और उनके नाम पर दूसरे लोग सरकार चला रहे थे, तब कई गड़बड़ियां हुईं। उन्होंने उन गड़बड़ियों का विरोध किया था।
राघोपुर नाव हादसे पर भी बोले प्रशांत किशोर
वहीं, राघोपुर में हुए नाव हादसे पर प्रशांत किशोर ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। हादसे में 13 बच्चों की मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे दशहरा के दिन, 20 तारीख को, पीड़ित परिवारों के साथ समय बिताएंगे और करीब-करीब पूरा दिन उनके बीच रहेंगे।
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री और एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी सरकार के पास पीड़ित परिवारों से मिलने का समय नहीं है। प्रशांत किशोर हाजीपुर में अपने एमएलसी प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अनंत सिंह के बयान, नीतीश कुमार और राघोपुर नाव हादसे को लेकर अपनी बात रखी।