वैशाली: बिहार के वैशाली जिले के भगवानपुर में रविवार की सुबह आरजेडी नेता और समाजसेवी केदार प्रसाद यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तस्वीर पर 251 किलो दूध से अभिषेक किया। पंडित अभय आचार्य ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तस्वीर के सामने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
केदार यादव ने लालू यादव को बताया ‘कलयुग का अवतार’
कार्यक्रम के दौरान राजद नेता केदार प्रसाद यादव ने लालू प्रसाद यादव को ‘कलयुग का अवतार’ और भगवान का रूप बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान कृष्ण ने कंस का वध कर लोगों को मुक्ति दिलाई थी, उसी तरह लालू प्रसाद यादव ने गरीबों की आवाज उठाई और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया।
केदार यादव ने कहा कि उनके लिए लालू यादव भगवान के समान हैं। इसी श्रद्धा के चलते उनकी तस्वीर का दूध से अभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई।
251 किलो दूध से किया गया अभिषेक
इस दौरान लालू प्रसाद यादव की तस्वीर पर विधि-विधान से 251 किलो दूध चढ़ाया गया। इस दौरान समर्थकों ने पूजा-अर्चना कर आरजेडी प्रमुख के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। बताया गया कि भगवानपुर में लालू यादव के समर्थकों की ओर से इस तरह के कार्यक्रम पहले भी आयोजित किए जा चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।