Bihar News: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरा गांव में शुक्रवार को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मकान की तीसरी मंजिल पर काम करते समय मकान मालिक समेत तीन लोग 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए।
करंट लगने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। घायलों की पहचान मथुरा गांव निवासी प्रमोद सिंह (35), उमा शंकर सिंह (40) और मकान मालिक संजीत कुमार के रूप में हुई है। हादसा लालू सिंह के मकान में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीसरी मंजिल पर काम कर रहे मजदूर रस्सी के सहारे सरिया ऊपर खींच रहे थे। इसी दौरान सरिया मकान के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार से छू गया। इसके बाद तेज धमाके के साथ करंट फैल गया और तीनों इसकी चपेट में आ गए। घटना के समय छत पर कुल छह मजदूर काम कर रहे थे।
हादसे के बाद अन्य मजदूरों ने तत्काल घायलों को नीचे उतारा और बिदुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में गंभीर स्थिति को देखते हुए दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि मकान की छत से हाईटेंशन तार की दूरी महज दो से तीन मीटर है। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने न तो तार हटाया और न ही कोई सुरक्षा उपाय किए। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।