Bihar Police News: सीवान के पुलिस महकमे से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो रघुनाथपुर थाना में पूर्व में तैनात सब-इंस्पेक्टर सुजीत कुमार और डायल 112 की एक महिला सिपाही से संबंधित है।
हालांकि दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पुराना है, क्योंकि संबंधित अधिकारी वर्तमान में पचरुखी थाना में तैनात हैं, जबकि महिला सिपाही पुलिस लाइन में पदस्थापित है। वायरल वीडियो एक कमरे का है, जहां दोनों आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने वेंटिलेटर के जरिए यह वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। वीडियो वायरल होने के बाद जिले के पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया है।
कहा जा रहा है कि वीडियो बनाने वालों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को ब्लैकमेल करने की कोशिश की थी और वीडियो डिलीट करने के नाम पर दबाव बनाया था। जब इस मामले की जानकारी अधिकारियों को मिली तो दोनों का तबादला कर दिया गया।
लंबे समय बाद यह वीडियो सोमवार को अचानक सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है।