Siwan Firing: बिहार बंद के दौरान सीवान में हुई हिंसा और फायरिंग में घायल तीनों लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में शेख मोहल्ला निवासी मो. आरिफ, उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी आकाश कुमार और सीवान के दरौली निवासी विक्की कुमार गौड़ शामिल हैं।
डॉक्टरों के अनुसार, मो. आरिफ के गले में गोली लगी है और उनकी हालत सबसे अधिक गंभीर बनी हुई है। वहीं, आकाश कुमार के कंधे में और विक्की कुमार गौड़ के पैर में गोली लगी है। प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। फिलहाल तीनों का मेदांता अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
शनिवार को बिहार बंद के दौरान सीवान में छात्र प्रदर्शन के बीच हालात अचानक हिंसक हो गए थे। गांधी मैदान और जेपी चौक इलाके में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पथराव, लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े जाने और फायरिंग की घटनाएं हुई थीं, जिसके बाद पूरे शहर में तनाव का माहौल बन गया।
हिंसा के दौरान पथराव में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, नगर थाना के एक पुलिस पदाधिकारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके अलावा प्रदर्शनकारी और राहगीर भी इस घटना में घायल हुए।
घटना के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 100 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और फायरिंग, पथराव व हिंसा से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।