Bihar Police Lockup Escape: सीतामढ़ी नगर थाना की हाजत से चेन स्नैचिंग के आरोप में गिरफ्तार एक महिला पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. फरार महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है.
फरार महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की रहने वाली सरिता देवी, पति राकेश गौतम के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, मंगलवार को महिला ने शौच जाने की बात कही और हाजत से बाहर निकली. इसी दौरान उसने ड्यूटी पर तैनात ओडी पदाधिकारी को चकमा दिया और थाना परिसर से फरार हो गई.
बताया गया कि सरिता देवी को सोमवार शाम शहर में एक महिला के गले से चेन छीनने के आरोप में पकड़ा गया था. पूछताछ के बाद उसे नगर थाना की हाजत में रखा गया था. मंगलवार को उसके फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
महिला की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी शुरू कर दी है. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमों को भेजा गया है. इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि महिला के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके.
सदर डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने महिला के हाजत से फरार होने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही इस बात की भी जांच होगी कि महिला पुलिस हिरासत से कैसे भागने में सफल हुई.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ड्यूटी में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस फरार महिला की तलाश में जुटी है.