Bihar Crime News: सीतामढ़ी के मेजरगंज थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में शुक्रवार देर रात आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान रतनपुर वार्ड संख्या-15 निवासी हबीब अंसारी के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने उनके दामाद मोहम्मद दानिश को हिरासत में लिया है.


जानकारी के अनुसार, हबीब अंसारी का अपने दामाद बेलसंड थाना क्षेत्र के मौलानगर निवासी मोहम्मद दानिश से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और दानिश ने हबीब अंसारी पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल हबीब अंसारी की मौत हो गई.


घटना की जानकारी मिलते ही मेजरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने मोहम्मद दानिश को हिरासत में ले लिया. इसके बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेजा गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया.


घटना के बाद रतनपुर गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया. हत्या की जानकारी मिलने पर मृतक के स्वजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गईं.


कुछ स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वारदात में दानिश के साथ गांव का एक अन्य व्यक्ति भी शामिल था. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है.


मेजरगंज थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल मृतक के स्वजन की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस विवाद की वजह का पता लगाने के साथ ही घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है.