SITAMARHI: सीतामढ़ी के गणेश सिनेमा रोड स्थित ऐतिहासिक चतुर्भुज स्थान मंदिर भवन का जर्जर छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद छज्जा गिरने की घटना से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। 


गनीमत रही कि जिस समय छज्जा गिरा, उस दौरान उसकी चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर भवन काफी पुराना और जर्जर स्थिति में है। लंबे समय से भवन के जर्जर हिस्सों को लेकर चिंता जताई जाती रही है। बारिश के बाद अचानक छज्जा गिरने की घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही रहती है, ऐसे में जर्जर भवन का हिस्सा गिरना बड़ी घटना मानी जा रही है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। बहुत पहले मंदिर परिसर से वाहन चोरी की घटना भी हुई थी, लेकिन उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने की बात स्थानीय लोगों की ओर से कही जा रही है। लोगों ने मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग भी उठाई है। 


श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मंदिर भवन का तत्काल निरीक्षण कराने, जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराने और पूरे भवन के जीर्णोद्धार की दिशा में पहल करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर हिस्सों को दुरुस्त नहीं कराया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। बारिश के बाद छज्जा गिरने की घटना ने ऐतिहासिक मंदिर भवन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब सवाल है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार करेगा या समय रहते मंदिर के जीर्णोद्धार की पहल होगी?