Bihar News: बिहार के सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया में शनिवार को एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी के दौरान हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर के अस्पताल चौक स्थित मिकरानी मेडिकल स्टोर्स में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच एक एसएसबी जवान बाइक से एक झोला लेकर मेडिकल स्टोर में प्रवेश करता दिखा, जिसके बाद भीड़ में यह चर्चा फैल गई कि झोले में कॉरेक्स सिरप लाकर दुकान में रखा गया है। इस अफवाह के बाद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ती देख एसएसबी ने अपने कैंप से अतिरिक्त जवानों को बुलाया। अतिरिक्त बल पहुंचने के बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जवानों ने लाठियां चटकाईं और बल प्रयोग किया। इस दौरान कुछ यूट्यूबर्स के भी घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, छापेमारी से पहले ड्रग इंस्पेक्टर को भी मौके पर बुलाया गया था। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर से 7-8 भरी हुई कॉरेक्स की शीशियां और करीब एक दर्जन खाली शीशियां बरामद की गईं। इसके अलावा दुकान की ऊपरी मंजिल स्थित कमरे से हुक्का, सिगरेट और कंडोम समेत अन्य सामान भी जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकानदार सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया। वहीं, एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिस झोले को लेकर विवाद हुआ, उसमें कॉरेक्स नहीं बल्कि पानी की बोतलें और सब्जियां थीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।