शिवहर: NEET (UG) पेपर लीक मामले को लेकर जारी छात्र आंदोलन की गूंज अब शिवहर तक पहुंच गई है। शुक्रवार को जिले में सैकड़ों छात्रों ने प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए सड़क पर उतरे। उनके साथ एसडीएम डॉ. अनंत कुमार, एसडीपीओ अनुशील कुमार, यातायात डीएसपी भाई भरत कुमार, साइबर डीएसपी इशानी कुमारी, टाउन थाना अध्यक्ष सुनील कुमार झा, इंस्पेक्टर मंजर आलम सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मी तैनात रहे।
जानकारी के अनुसार, करीब 500 से अधिक छात्र प्रदर्शन करते हुए शिवहर जीरो माइल चौक पहुंचे। प्रदर्शनकारी NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने हंगामा करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने "लोकतंत्र बचाओ" और "तानाशाही नहीं चलेगी" जैसे नारे भी लगाए।
इस बीच, 25 जुलाई को प्रस्तावित बिहार बंद को देखते हुए शिवहर पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जिले के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने, हिंसा या उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।