SHEOHAR:शिवहर के तरियानी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशहर गांव से लापता हुईं 4 लड़कियों को शिवहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंबाला कैंट से सकुशल बरामद किया है। इस बात की जानकारी पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।


 पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 28 सितंबर  को तरियानी थाना क्षेत्र के ग्राम कशाह से चार बच्चियों के लापता होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई.


 पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर मामले की गहनता से जांच शुरू की। मामले में तरियानी थाना कांड संख्या 285/26 दर्ज कर अज्ञात के विरुद्ध अनुसंधान शुरू किया गया। चारों बच्चियों की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम ने मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से विभिन्न बिंदुओं पर लगातार कार्रवाई की। 


वही अनुसंधान के दौरान प्राप्त तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने अंबाला कैंट स्थित रेलवे पुलिस से समन्वय स्थापित किया। संयुक्त प्रयास और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप चारों लापता लड़कियों को अंबाला कैंट से सकुशल बरामद कर लिया गया। 


पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई एवं अनुसंधान जारी है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की बरामदगी में तकनीकी अनुसंधान, मानवीय सूचना तंत्र और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


शिवहर, समीर कुमार झा