SAMASTIPUR: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र के सरायरंजन विधानसभा अंतर्गत राम-जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय  ने 101 फलदार वृक्षों का पौधारोपण किया।


इस अवसर पर नित्यानंद राय  ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के  25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। सेवा संकल्प अभियान इसी सेवा भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम है।


वृक्ष केवल पर्यावरण को सुरक्षित हीं नही बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरित वातावरण और स्वस्थ जीवन की आधारशिला भी तैयार करता है । 101 फलदार पौधों का यह पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संदेश देता है।


नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे पर्यावरणीय आह्वान से देशभर में प्रकृति के प्रति जनभागीदारी की भावना मजबूत हुई है। सेवा का अर्थ केवल किसी जरूरतमंद की सहायता करना ही नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा करना भी है।


उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सेवा संकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और ‘विकसित भारत’ के साथ ‘स्वस्थ, स्वच्छ एवं हरित भारत’ के निर्माण का संकल्प है। 


इस अवसर पर  विधान पार्षद तरूण कुमार, समस्तीपुर दक्षिणी के जिलाध्यक्ष शशिधर झा,महाविद्यालय के निदेशक, प्राचार्य, चिकित्सक, जिले के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, अस्पताल के कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने पौधों के संरक्षण और उनके नियमित देखभाल का संकल्प लिया।