Bihar Crime News: समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना गंगापुर के पास की है, जहां अज्ञात अपराधियों ने करीब 25 वर्षीय युवक कमल कुमोद उर्फ सोनू सिंह को निशाना बनाया. हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं, महज तीन महीने पहले शादी करने वाले सोनू की मौत से परिवार में कोहराम मच गया.
मृतक की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के चकहबीब गांव, वार्ड संख्या-12 निवासी सोनू सिंह के रूप में हुई है. हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, अपराधियों ने पहले सोनू को रोककर उससे बातचीत की और फिर नजदीक से तीन गोलियां मार दीं. इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
हत्या के बाद सड़क पर उतरे परिजन और ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए. युवक की हत्या से आक्रोशित लोगों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-28 को जाम कर दिया. देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.
सूचना मिलने पर मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. स्थिति को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया. इस दौरान ग्रामीणों ने वरीय पुलिस अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने और उनसे बातचीत करने की मांग की.
24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन, दो घंटे बाद हटा जाम
इसके बाद एसडीपीओ सदर समस्तीपुर सतीश सुमन मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों व जनप्रतिनिधियों से बातचीत की. उन्होंने आक्रोशित लोगों को 24 घंटे के अंदर हत्या में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया. पुलिस अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया.
करीब दो घंटे तक एनएच-28 जाम रहने के कारण इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा. जाम हटने के बाद वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ. वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है.
तीन महीने पहले ही शादी करने वाले सोनू सिंह की हत्या से परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं. घटना के बाद इलाके में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है. पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है. एसडीपीओ के 24 घंटे में गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजर है.