Bakhtiyarpur Tajpur Ganga Setu: बिहार में निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। समस्तीपुर में निर्माणाधीन बख्तियारपुर-ताजपुर गंगा महासेतु का स्लैब शनिवार को क्रेन से गिरकर गंगा नदी में जा गिरा। इस हादसे में निर्माण कार्य में लगे 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह पिलर संख्या 58 पर क्रेन की मदद से स्लैब चढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन का चेन टूट गया, जिससे भारी स्लैब नीचे नदी में गिर गया और बड़ा हादसा हो गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुल निर्माण कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी और मजदूर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। मौके पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस टीम भी पहुंच गई।
घायलों में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी मोहम्मद नवाब शेख शामिल हैं, जिनका इलाज पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि पांच अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया है।
पटोरी के डीएसपी वीरेंद्र कुमार मेधावी ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
डीएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा क्रेन का चेन टूटने के कारण हुआ है, लेकिन पूरे मामले की तकनीकी जांच की जा रही है। तकनीकी टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।