Bihar News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्करों के हौसले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। समस्तीपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मध्य निषेध और उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस कार्रवाई ने तस्करों के नए और शातिर तरीकों का भी खुलासा कर दिया है।
पूरा मामला ताजपुर थाना क्षेत्र के गांधी चौक का है, जहां गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने एक संदिग्ध 14 चक्का ट्रक को रोका। ट्रक को देखकर पहले तो सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन जैसे ही तलाशी शुरू हुई, अधिकारियों के भी होश उड़ गए।
ट्रक के अंदर बेहद चालाकी से तहखाना बनाया गया था, जिसके ऊपर भूसी भरी हुई थी। इसी भूसी के अंदर शराब के कार्टून छिपाकर रखे गए थे, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। लेकिन टीम की सतर्कता के आगे तस्करों की चालाकी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।
तलाशी के दौरान कुल 1022 कार्टून में करीब 9198 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब की बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 11 लाख रुपये आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी से इलाके में हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह मामला किसी बड़े तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि शराब तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन विभाग की मुस्तैदी से उनके मंसूबे नाकाम हो रहे हैं।
पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम अब इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई को समस्तीपुर में अब तक की बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है, जिसने तस्करों के नेटवर्क को गहरी चोट पहुंचाई है।