SAMASTIPUR: समस्तीपुर जिले में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से विद्यापतिनगर, मोहिउद्दीननगर और मोहनपुर प्रखंड के कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। ये इलाके केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र में आते हैं। बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
इसी बीच पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव मोहिउद्दीननगर प्रखंड के कुसराहा हसनपुर गांव पहुंचे और बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
नोटों की गड्डी लेकर पहुंचे पप्पू यादव
पप्पू यादव बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद के लिए अपने साथ नकद राशि लेकर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहायता के तौर पर रुपये दिए। महिलाओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने उनका आशीर्वाद भी लिया।
आर्थिक मदद करते हुए पप्पू यादव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच सहायता राशि देते नजर आ रहे हैं।
बाढ़ से भोजन और आवागमन की समस्या
स्थानीय लोगों ने पप्पू यादव को बाढ़ के कारण सामने आ रही परेशानियों से अवगत कराया। गंगा के जलस्तर में वृद्धि के चलते जिले के कई निचले इलाकों में पानी फैल गया है। इससे लोगों के सामने भोजन, आवागमन और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पप्पू यादव ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ की इस मुश्किल घड़ी में वह उनके साथ हैं और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
समस्तीपुर: बाढ़ प्रभावित मोहिउद्दीननगर के कुसराहा हसनपुर गांव पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना। उन्होंने जरूरतमंद परिवारों से मुलाकात कर आर्थिक मदद की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान नोटों की गड्डी से लोगों को मदद देने का वीडियो भी सामने… pic.twitter.com/tUZGROMUw7
— FirstBiharJharkhand (@firstbiharnews) September 15, 2026