Bihar News: बिहार के सारण जिले में बाढ़ राहत को लेकर पीड़ितों में नाराजगी के बीच राहत और बचाव कार्य के दौरान कई जगह अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने विरोध की स्थिति सामने आ रही है। कुछ स्थानों पर विरोध धक्का-मुक्की और कथित अभद्र व्यवहार तक पहुंचने की बात सामने आई है।
मकेर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर में राहत सामग्री वितरण के दौरान मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह के साथ कथित अभद्र व्यवहार का एक वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस कप्तान ने वायरल वीडियो की जांच कराने और जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
वायरल वीडियो में भीड़ के विरोध के बीच थानाध्यक्ष को जूता दिखाते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद भीड़ का आक्रोश बढ़ता नजर आता है। वीडियो में थानाध्यक्ष कमर में रखी पिस्टल निकालकर उसे कॉक करते हुए दिखाई देते हैं। इसी दौरान भीड़ की ओर से ‘‘मारो गोली, मारो गोली’’ जैसी आवाजें सुनाई देती हैं। कुछ देर बाद थानाध्यक्ष पिस्टल वापस कमर में रख लेते हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो के आगे की पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं है। वीडियो में दिखाई दे रही परिस्थितियों और घटना के पूरे संदर्भ की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। एसपी ने वीडियो की जांच कराने की बात कही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। फर्स्ट बिहार-झारखंड वायरल वीडियो की सत्यता या वीडियो में दिखाई दे रही घटना के पूरे संदर्भ की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा