Chhath Puja 2026: बिहार के सारण जिले में छठ महापर्व से पहले एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. सोनपुर के शेखडुमरी गांव में गंगा नदी में स्नान करने गए दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान 12 वर्षीय सुधांशु कुमार और 10 वर्षीय सन्नी कुमार के रूप में हुई है. दोनों को गंभीर हालत में पटना के पीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.


घटना सोनपुर अनुमंडल के नयागांव थाना क्षेत्र स्थित शेखडुमरी गंगा घाट की है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम गांव के चार बच्चे एक साथ गंगा नदी में स्नान करने पहुंचे थे. इसी दौरान नदी में उतरते समय तीन बच्चों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए. बच्चों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश शुरू कर दी.


एक बच्चे को बचाया, दो चचेरे भाइयों की गई जान

स्थानीय लोगों की मदद से एक बच्चे को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन सुधांशु और सन्नी का पता नहीं चल सका. काफी देर तक तलाश करने के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला गया. इसके बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे.


दोनों बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया. परिजन दोनों को लेकर पटना पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.


मृतकों की पहचान सरोज कुमार राम के 12 वर्षीय पुत्र सुधांशु कुमार और उनके भाई सत्येंद्र कुमार राम के 10 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है. दोनों चचेरे भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.


छठ महापर्व को लेकर दोनों परिवारों में तैयारियां चल रही थीं. घर में पर्व की खुशियां थीं, लेकिन इस हादसे ने सबकुछ मातम में बदल दिया. दो मासूम बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद शेखडुमरी गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.


नयागांव थानाध्यक्ष मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि गंगा नदी में स्नान करने के दौरान बच्चों का पैर फिसल गया था, जिसके कारण वे गहरे पानी में चले गए. डूबने से दोनों की मौत हो गई. छठ महापर्व से ठीक पहले हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है.