Bihar News: अगर आप भी नेकबैंड इस्तेमाल करते हैं तो सावधान हो जाईए। बिहार के छपरा से एक ऐसा मामला समाने आया है, जिसको जानकर सभी लोग हैरत में हैं। छपरा में एक युवक की जान बाल-बाल बच गई। युवक कान में नेकबैंड लगाकर बात कर रहा था, तभी तेज धमाके के साथ नेकबैंड ब्लास्ट कर गया, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया है।
दरअसल, छपरा शहर के कटहरी बाग आर्य नगर निवासी घनश्याम मिश्रा उस समय गंभीर रूप से घायल हो गए, जब उनके कान में लगा ईयरफोन अचानक ब्लास्ट कर गया। घटना उस वक्त हुई जब वह अपने घर लौट रहे थे। अचानक हुए धमाके से आसपास के लोग भी घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल घनश्याम मिश्रा को तुरंत एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद लोगों में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान मोबाइल, ईयरफोन, लैपटॉप और चार्जर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अधिक गर्म होकर खतरनाक साबित हो सकते हैं। लंबे समय तक लगातार इस्तेमाल, ओवरचार्जिंग और तेज धूप में उपयोग करने से बैटरी फटने या ब्लास्ट होने का खतरा बढ़ जाता है।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को जरूरत के अनुसार ही चार्ज करें, लंबे समय तक लगातार उपयोग से बचें और तेज धूप या अधिक गर्म वातावरण में इस्तेमाल न करें। साथ ही खराब या लोकल चार्जर एवं एक्सेसरीज के इस्तेमाल से भी बचने की अपील की गई है।
रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा