Bihar Flood News: सारण जिले में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. इसी बीच मकेर प्रखंड के बाघाकोल और हैजलपुर में मुख्य बांध टूटने की सूचना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. बांध टूटने की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेना शुरू कर दिया.


जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार भी मौके पर पहुंचे हैं. दोनों अधिकारी प्रभावित इलाके में बांध टूटने के बाद की स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं. प्रशासन की टीम आसपास के इलाकों में पानी के फैलाव और संभावित खतरे का आकलन कर रही है.


गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से पहले से ही जिले के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है. ऐसे में मुख्य बांध टूटने की सूचना के बाद आसपास के गांवों में भी लोगों की चिंता बढ़ गई है. प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है.


मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं. प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी भी की जा रही है. प्रशासन पानी के फैलाव की स्थिति पर नजर रखते हुए जरूरत के अनुसार आगे की कार्रवाई करने में जुटा है.


बांध टूटने के बाद आसपास के क्षेत्रों में पानी किस तेजी से फैल रहा है और इससे कितने इलाकों पर असर पड़ सकता है, इसकी जानकारी प्रशासनिक टीम मौके पर जुटा रही है. अधिकारियों की ओर से स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है.