Bihar News: बिहार में इन दिनों टावर पर चढ़ने का ट्रेंड चल रहा है। ताजा मामला छपरा से सामने आया है, जहां एक युवक बिजली कार्यालय में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और डीएम को बुलाने की मांग करने लगा। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करीब पांच घंटे तक यह फिल्मी ड्रामा चलता रहा।
दरअसल, छपरा शहर के तेलपा स्थित बिजली ऑफिस परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब 5 घंटे तक टावर पर बैठा रहा। शुरुआत में लोगों को मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने का अंदेशा था, लेकिन बाद में सामने आया कि युवक साइबर ठगी का शिकार होने के बाद कार्रवाई से परेशान था।
युवक के अनुसार, वह ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगों के संपर्क में आया था। इसी दौरान उसके बैंक खाते में करीब 50 लाख रुपये की राशि आई और कुछ ही समय में वह राशि खाते से निकल भी गई। बाद में साइबर थाना की ओर से उसके खाते में आई इस रकम को लेकर उसे फ्रॉडिंग से संबंधित नोटिस मिला और उसके खिलाफ केस भी दर्ज कर दी गई।
युवक का कहना है कि वह खुद इस पूरे मामले में साइबर ठगी का शिकार हुआ है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने से नाराज होकर वह तेलपा बिजली ऑफिस परिसर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों वहीं बैठा रहा।
घटना की सूचना मिलने के बाद टाउन थाना प्रभारी संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी देर तक युवक को समझाया-बुझाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतारा गया।
नीचे आने के बाद युवक ने मीडिया के सामने अपनी पूरी आपबीती बताई। उसने बताया कि किस तरह वह ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगों के जाल में फंस गया, उसके खाते में 50 लाख रुपये आए और तुरंत निकल गए तथा बाद में उसे ही नोटिस और प्राथमिकी का सामना करना पड़ा। युवक ने पूरे मामले में उचित कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा