Bihar News: बिहार का एक सरकारी स्कूल देखते ही देखते रणभूमि बम गया। सहरसा के नवहट्टा प्रखंड के इसलामपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में घुसकर शिक्षकों के साथ मारपीट और प्रभारी प्रधानाध्यापिका के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। 



बताया जाता है कि जिस वक्त विद्यालय के सभी शिक्षक अपनी-अपनी कक्षाओं में पठन-पाठन की तैयारी कर रहे थे, तभी विद्यालय अध्यक्ष राजकिशोर चौधरी अपने भाईयों और कुछ सहयोगियों के साथ स्कूल परिसर में पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया।



आरोप है कि उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापिका कुंवर नम्रता आनंद के साथ गाली-गलौज और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। वहीं, जब शिक्षक शशि कुमार राम और रमन कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।



इस घटना से विद्यालय का शैक्षणिक माहौल भी प्रभावित हुआ। मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापिका कुंवर नम्रता आनंद ने नवहट्टा थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।