SAHARSA: सहरसा में अभिजीत सिंह की हत्या मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर परिजन पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) से मिलने पहुंचे और आवेदन सौंपा। मृतक के भाई अनंत कुमार सिंह ने डीआईजी से न्याय की गुहार लगाई। कहा कि मामले में किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति या राजनीतिक दबाव के बिना सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
अभिजीत सिंह की हत्या के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे और भय के माहौल में है। पीड़ित पक्ष ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्जकर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन उन्हें आशंका है कि मामले की तह तक जाकर निष्पक्ष रूप से जांच नहीं हो रही है। परिवार का आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव या संरक्षण के चलते जांच प्रभावित हो सकती है।
पीड़ित परिवार द्वारा की गई प्रमुख मांगें
हत्याकांड की उच्च स्तरीय व निष्पक्ष जांच कराई जाए।
हत्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी साजिशकर्ताओं की भूमिका की गहन जांच हो।
घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल्स व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच की जाए।
आरोपियों को शरण देने या भगाने में मदद करने वालों पर भी कानूनी शिकंजा कसा जाए।
पीड़ित परिवार और प्रमुख गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि वे बिना किसी भय के सहयोग कर सकें।
मामले की जांच प्रगति की जानकारी समय-समय पर पीड़ित परिवार को दी जाए।
डीआईजी कार्यालय द्वारा इस आवेदन पर संज्ञान लेते हुए मामले में विस्तृत जांच (Enquiry in detail) के निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित परिवार ने न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।