SAHARSA: सहरसा के भारतीय नगर में सोमवार देर शाम भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग प्रभु टेंट हाउस के संचालक अर्जुन प्रसाद सिंह के घर और गोदाम में लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर के साथ गोदाम में रखा टेंट का सामान भी जलकर राख हो गया।
शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस अगलगी में एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान की आशंका है। बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन करीब दो घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।
मौके पर सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह और सदर थानाध्यक्ष अजय पासवान भी मौजूद रहे। फिलहाल आग लगने के सही कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।