SAHARSA: आमतौर पर घरेलू विवाद के मामलों में पत्नी द्वारा पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप सामने आते हैं, लेकिन सहरसा से एक अलग मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी, ससुर और साले पर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और संपत्ति हड़पने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़ित युवक फिलहाल अपनी बुजुर्ग मां के साथ सुरक्षा के डर से पैतृक गांव में रह रहा है।


मामला सदर थाना क्षेत्र के डीबी रोड का है। पीड़ित युवक की मां जया देवी ने सदर थाना में अपनी बहू, समधी और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है। जया देवी ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उन्होंने अपने मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटे जयंत चौहान की शादी अंतरा चौहान से कराई थी। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही बहू और उसके मायके पक्ष के लोगों की नजर उनके पैतृक जमीन-जायदाद पर थी।


शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने जयंत चौहान की मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर जमीन से जुड़े दस्तावेज हासिल किए और कथित रूप से कुछ जमीन बेच दी। साथ ही अन्य जमीन की भी फर्जी तरीके से बिक्री की तैयारी की जा रही थी।


जया देवी का आरोप है कि जब उनके बेटे को इसकी जानकारी मिली और उसने विरोध किया तो उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर अन्य दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।


परिजनों का कहना है कि जयंत चौहान किसी तरह वहां से निकलकर अपने पैतृक गांव पहुंच गया। उनका आरोप है कि अब भी ससुराल पक्ष की ओर से लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।