ROHTAS: रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र के निमियाडीह में शनिवार को बोलेरो और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार सीआरपीएफ जवान कंचन ठाकुर की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, दो छोटे बच्चे और सास समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाया गया।
मृतक जवान कंचन ठाकुर काराकाट थाना क्षेत्र के डिहरा गांव के रहने वाले थे। वह असम के मानिकपुर में सीआरपीएफ की 87वीं बटालियन में तैनात थे।
मृतक के भतीजे धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जवान का परिवार फिलहाल भोजपुर जिले के बिहिया स्थित ससुराल में रहता था। शनिवार को कंचन ठाकुर अपनी पत्नी चांदनी देवी और दोनों बच्चों के साथ सासाराम के प्रसिद्ध तुतला भवानी वाटरफॉल घूमने जा रहे थे। इसी दौरान निमियाडीह के पास उनका ऑटो एक बोलेरो से टकरा गया।
हादसे में कंचन ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी चांदनी देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
हादसे में जवान के दो बच्चों और सास समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।