SASARAM: रोहतास जिले को नया जिलाधिकारी (DM) मिल गया है। 2019 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने सोमवार को रोहतास के नए डीएम के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान जिलाधिकारी उदिता सिंह ने जिला समाहरणालय स्थित अपने कक्ष में उन्हें औपचारिक रूप से पदभार सौंपा। इस अवसर पर जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


बता दें कि दीपक कुमार मिश्रा मूल रूप से सिवान जिले के निवासी हैं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से अपनी पढ़ाई पूरी की है। एक जिलाधिकारी के रूप में यह उनकी पहली पोस्टिंग है। इससे पहले वे बिहार शरीफ नगर निकाय के आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। वहीं, मुख्यमंत्री सचिवालय में उप सचिव के पद से स्थानांतरित होकर वे रोहतास के 50वें जिलाधिकारी बने हैं।


पदभार ग्रहण करने के बाद नवपदस्थापित जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता 26 जून को होने वाले मोहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है। इसके बाद सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।