Bihar News: पूर्वी चंपारण में शुक्रवार हादसों का दिन साबित हुआ। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में डूबने की तीन घटनाओं में एक युवक, एक युवती और एक बच्चे की मौत हो गई। हादसों के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पूर्वी चंपारण के बंजरिया, पिपराकोठी और अरेराज थाना क्षेत्रों में डूबने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान अरेराज निवासी दिलीप कुमार, पिपराकोठी निवासी सुखारी कुमार और बंजरिया थाना क्षेत्र की काजल कुमारी के रूप में हुई है।
तीनों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा है।
मृतक सुखारी कुमार के दादा रामजनम राय ने बताया कि बच्चे की डूबने से मौत हुई, लेकिन वह नहर तक कैसे पहुंचा और कैसे डूबा, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। वहीं काजल कुमारी के परिजनों के अनुसार बाढ़ के पानी में भैंस बांधने के दौरान पैर फिसलने से वह डूब गई। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी