Bihar Police: मोतिहारी जिले के सुगौली प्रखंड क्षेत्र में रविवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. न्यायालय के आदेश के बाद दक्षिणी छपरा बहास-सुगौली बायपास रोड स्थित छपरा बहास बाजार में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया. कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह बनी रही.


बताया जा रहा है कि छपरा बहास बाजार क्षेत्र में जमीन से जुड़े विवाद को लेकर मामला न्यायालय में पहुंचा था. न्यायालय के निर्देश के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की. अंचल प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण और कब्जे हटाए.


पूरी कार्रवाई अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी कुंदन कुमार और सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह की मौजूदगी में की गई. प्रशासनिक टीम के साथ बड़ी संख्या में पुलिस जवान भी मौजूद थे, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.


जैसे ही बाजार क्षेत्र में बुलडोजर पहुंचा, आसपास के लोगों में हलचल मच गई. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और कार्रवाई को देखने लगे. हालांकि पुलिस की मौजूदगी के कारण स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही.


अधिकारियों के अनुसार, न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए यह अभियान चलाया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन या सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.