Bihar Crime News: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है. दोनों अपने नए मकान में हथियार तैयार कर रहे थे. पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो देसी कट्टे, तीन अर्धनिर्मित कट्टे, कार्बाइन जैसा आधा बना हथियार और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पूछताछ में बेटे ने बताया कि उसने यूट्यूब पर वीडियो देखकर हथियार बनाना सीखा था. पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है.


मामला रघुनाथपुर थाना क्षेत्र की गंडक कॉलोनी का है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरेंद्र शर्मा और उसके पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों को उनके नवनिर्मित मकान में छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया. तलाशी में हथियारों के साथ उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी मिले हैं.


पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के आधार पर हुआ. 25 अक्टूबर को तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार को एक वीडियो मिला था. इसमें एक व्यक्ति विश्वकर्मा पूजा के दौरान हथियार के साथ पूजा करता दिखाई दे रहा था.


वीडियो की जांच के बाद उस व्यक्ति की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर घरबारी टोला निवासी हरेंद्र शर्मा के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की और जांच करते हुए रघुनाथपुर की गंडक कॉलोनी स्थित उसके नए मकान तक पहुंच गई.


पुलिस ने मकान में छापेमारी के दौरान दो देसी कट्टे, तीन अर्धनिर्मित कट्टे और कार्बाइन जैसा आधा बना हथियार बरामद किया. इसके अलावा पांच जिंदा कारतूस, एक चाकू, लकड़ी के बेंट वाली दो हथौड़ियां, एक बड़ा प्लास, लोहे की कटर मशीन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए.


पूछताछ के दौरान प्रिंस कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने यूट्यूब पर वीडियो देखकर हथियार बनाने का तरीका सीखा था. इसके बाद वह हथियार तैयार कर उन्हें बेचने की तैयारी में था. इसी बीच पुलिस की छापेमारी में पिता-पुत्र पकड़े गए.


पुलिस अब जब्त किए गए मोबाइल फोन और आरोपितों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पिता-पुत्र कब से अवैध हथियार बनाने का काम कर रहे थे और तैयार हथियारों की सप्लाई किन लोगों को की जानी थी.