MOTIHARI: बिहार के मोतिहारी में पुलिस ने जाली नोटों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तुरकौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा के पास पुलिस ने 4 लाख 95 हजार रुपये के भारतीय जाली नोट बरामद किए हैं। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर जाली नोटों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले में अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।
नेपाल से लाए गए थे जाली नोट
मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, जाली नोट नेपाल से लाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य जांच एजेंसियां भी इसकी पड़ताल करेंगी।
पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जाली नोट कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
मुख्य तस्कर की तलाश में जुटी पुलिस
कार्रवाई के दौरान मुख्य तस्कर पुलिस को देखकर अंधेरे में भाग निकला। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। साथ ही, जाली नोटों के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए भी जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच के बाद ही इस मामले में अन्य आरोपियों और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट