MOTIHARI: मोतिहारी के नगर थाना क्षेत्र के शांतिपुरी में रविवार को करंट लगने से एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के माधोपुर शेखटोली निवासी 44 वर्षीय मो. मुमताज के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, मो. मुमताज बिजली मिस्त्री का काम करते थे। रविवार को वह शांतिपुरी में बिजली लाइन ठीक करने गए थे। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति शुरू हो गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाइक से तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही उनकी मां, पत्नी और पांच छोटे बच्चे सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मृतक की मां जैनब खातून ने बताया कि उनका बेटा एक दिन पहले ही काम के सिलसिले में मोतिहारी आया था। उसकी तबीयत भी ठीक नहीं थी। रविवार सुबह फोन पर बातचीत के दौरान उन्होंने बेटे से घर आने और पैसों की जरूरत के बारे में पूछा था। मुमताज ने कहा था कि वह घर आ रहा है और पैसे लेकर आएगा। कुछ ही देर बाद परिवार को उसके करंट लगने से मौत की सूचना मिली।
मां ने बताया कि मुमताज परिवार का अकेला कमाने वाला था। उसके पांच छोटे बच्चे हैं। पति की पहले ही मौत हो चुकी है, ऐसे में परिवार के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि अब उनके परिवार की देखभाल कौन करेगा।
घटना की सूचना मिलने पर नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन और एसआई प्रमोद कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट