MOTIHARI: पूर्वी चंपारण जिले के ढाका हाई स्कूल से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक शिक्षक कथित तौर पर छात्र-छात्राओं से मार्कशीट देने के बदले पैसे लेते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कई छात्र-छात्राएं बारी-बारी से शिक्षक के पास पहुंच रहे हैं और उन्हें पैसे दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह राशि मार्कशीट वितरण के दौरान ली जा रही थी। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि फर्स्ट बिहार नहीं करता है।
वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि छात्रों से मार्कशीट देने के नाम पर किसी प्रकार की अवैध वसूली की गई है तो यह बेहद गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मामले पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) राजन कुमार गिरी ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे कितने सही हैं।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट