EAST CHAMPARAN: मोतिहारी के चिरैया थाना क्षेत्र स्थित मीरपुर में रविवार को एक शख्स खुद को ड्रग इंस्पेक्टर बताकर दवा दुकानदार को डराने-धमकाने पहुंचा था। खुद को ड्रग विभाग का अधिकारी बता दीपक मेडिकल शॉप पर पहुंचने के बाद वह कार्रवाई की धमकी देने लगा। दुकानदार को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जिसके बाद उसने तत्काल क्षेत्रीय ड्रग इंस्पेक्टर सुशील कुमार को फोन पर इसकी सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही ड्रग इंस्पेक्टर ने मामले को गंभीरता से लिया और युवक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसका वीडियो बनवाने की पहल की। वहीं जब युवक को पकड़कर रखने की बात कही गई तो वह मौके से फरार हो गया। पूरे मामले को लेकर दवा व्यवसायियों और विभागीय अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
बताया गया कि जिले में इस प्रकार की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं, जिसमें कुछ लोग खुद को विभागीय अधिकारी बताकर दुकानदारों को भयभीत करने का प्रयास करते हैं।इसके पूर्व में आदापुर में भी ऐसी घटना सामने आई थी। तब पुलिस ने तकरीबन आधा दर्जन फर्जीवाड़ा करने वाले युवकों को जेल भेजा था।
ड्रग इंस्पेक्टर सुशील कुमार ने इस बाबत पूछने पर बताया कि किसी भी कार्रवाई या जांच के दौरान अधिकृत अधिकारी अपना परिचय-पत्र प्रदर्शित करते हैं। किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित क्षेत्रीय ड्रग इंस्पेक्टर, स्थानीय थाना अथवा डायल-112 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने ऐसे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस और विभागीय अधिकारियों को देने की अपील की गई है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट