Bihar Flood News: मोतिहारी के पहाड़पुर में जिउतिया पर्व के दौरान पोखरे में स्नान करने गईं चार नाबालिग बच्चियों की डूबने से मौत हो गई. हादसा पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव में हुआ. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने चारों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी.


जानकारी के अनुसार, जिउतिया पर्व को लेकर गांव की महिलाएं और बच्चियां पोखरे में स्नान करने पहुंची थीं. इसी दौरान चार बच्चियां स्नान करते हुए पोखरे के गहरे पानी में चली गईं. कुछ देर बाद उनके डूबने की जानकारी आसपास मौजूद लोगों को हुई. शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर बच्चियों को बाहर निकाला.


मृतकों की पहचान प्रमोद महतो की 13 वर्षीय बेटी सोनामति, 10 वर्षीय फूलमती, वीरेंद्र महतो की 10 वर्षीय बेटी सोनाली कुमारी और अच्छेलाल पासवान की 12 वर्षीय बेटी प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है.


ग्रामीणों की मदद से चारों बच्चियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़पुर ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया. हादसे की सूचना मिलते ही पहाड़पुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली.


पुलिस ने चारों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है. पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.


चार बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही बनकट गांव में मातम पसर गया. मृत बच्चियों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई. जिउतिया पर्व को लेकर जहां गांव में चहल-पहल थी, वहीं हादसे के बाद पूरे इलाके में गम का माहौल है.