PATNA: पूर्णिया जिले के बी. कोठी प्रखंड के ओरलाहा स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षा पेड़ के नीचे, बोरे पर बैठाकर और मुर्गी फार्म में कराए जाने के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।


मामले में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अशोक कुमार, विद्यालय अध्यापक सोनू कुमार और मनमोहन कुमार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीनों शिक्षकों को दो दिनों के भीतर अपना जवाब देना होगा। स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।


जांच में सही पाया गया मामला

बुधवार को विद्यार्थियों के इस तरह परीक्षा देने का मामला सामने आया था। जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को बी. कोठी के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) ने विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया।


जांच के दौरान विद्यार्थियों को पेड़ के नीचे और बोरे पर बैठाकर परीक्षा कराए जाने की बात सही पाई गई। इसके अलावा परीक्षा के लिए मुर्गी फार्म के इस्तेमाल की भी जानकारी सामने आई।


शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।