PATNA: कुछ महीने बाद बिहार में विधानसभा का चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर बिहार को एक और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है। 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीवान से इस 8 कोच वाली नई वंदे भारत को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। इस ट्रेन को पटना से गोरखपुर रूट पर चलाने की तैयारी है। यात्रियों की सुविधाओं के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।
यह ट्रेन पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से खुलेगी और मुजफ्फरपुर, बेतिया, मोतिहारी होते हुए गोरखपुर तक जाएगी। इससे दो दिन पहले 8 कोच की नई वंदे भारत ट्रेन पटना पहुंच चुकी है। जिसे 20 जून को पीएम मोदी हरी झंडी दिखाकर पाटलिपुत्र स्टेशन से रवाना करेंगे। फिलहाल इस ट्रेन को राजेंद्र नगर स्थित कोचिंग कॉम्प्लेक्स में रखा गया है।
यह वंदे भारत ट्रेन पाटलिपुत्र जंक्शन (पटना) से रवाना होकर गोरखपुर तक चलाई जाएगी। इस मार्ग में यह ट्रेन मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया, नरकटियागंज और कप्तानगंज जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इससे उत्तर बिहार के यात्रियों को पहली बार वंदे भारत की तेज़ रफ्तार और प्रीमियम सुविधाओं का लाभ मिलेगा। हाजीपुर में भी ठहराव की संभावना जताई जा रही है।
21 जून 2025 से पटना और गोरखपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, टिकट किराया, अंतिम स्टॉपेज और टाइम टेबल की आधिकारिक घोषणा अब तक रेलवे की ओर से नहीं की गई है। इससे पहले रेलवे बोर्ड को प्रस्तावित रूट और समय का परीक्षण किया जा रहा है।