PATNA: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में पटना में बिहार कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में कुल 23 एजेंडों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार के विकास में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के अवसर पर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री की ओर से मिले सहयोग के लिए राज्य मंत्रिपरिषद आभार व्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित भारत का सक्रिय और अग्रणी भागीदार बनाने का संकल्प लिया गया है।
बिहार में जनधन खाते और आवास योजना का जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जनधन खातों और प्रधानमंत्री आवास योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बिहार में 7 करोड़ लोगों के जनधन खाते खोले गए हैं। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 11 लाख लोगों को घर उपलब्ध कराने की बात कही।
डबल इंजन सरकार के सहयोग से विकसित बिहार का लक्ष्य
सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से बिहार के विकास को गति देने का प्रयास किया जाएगा। राज्य मंत्रिपरिषद ने संकल्प व्यक्त किया है कि केंद्र और राज्य की सरकारें मिलकर बिहार को विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने वाला राज्य बनाएंगी।
कैबिनेट बैठक में 23 एजेंडों को मंजूरी दिए जाने के बाद अब इन फैसलों से जुड़े विस्तृत प्रस्तावों और उनके क्रियान्वयन पर नजर रहेगी।