Bihar Road Project: बिहार में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बिहार स्टेट हाईवे-4 परियोजना के तहत राज्य में करीब 266.168 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण किया जाएगा।
इन परियोजनाओं पर लगभग 3743 करोड़ 65 लाख 50 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। सम्राट कैबिनेट की बैठक में इन पांच महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इसकी जानकारी मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने दी।
सड़क परियोजनाओं के अलावा राज्य सरकार ने कोसी सिंचाई योजना और बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं के लिए भी 102.98 करोड़ रुपये जारी किए हैं। मधुबनी जिले में नहरों का आधुनिकीकरण किया जाएगा, जिससे करीब 89 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। वहीं मधुबनी और सुपौल जिलों में बाढ़ से बचाव के लिए बांधों को मजबूत करने का भी फैसला लिया गया है।
इन पांच सड़कों का होगा विस्तार
1. मधुबनी-राजनगर-बाबूबरही-खुटौना पथ
करीब 38.872 किलोमीटर लंबी इस सड़क को 632 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से चौड़ा और बेहतर बनाया जाएगा।
2. एसएच-52 सीतामढ़ी-पुपरी-बेनीपट्टी पथ
लगभग 51.261 किलोमीटर लंबी इस सड़क के उन्नयन पर 435 करोड़ 37 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
3. एसएच-97 विशनपुर-अतरबेल (NH-57) जाले-घोघरचट्टी (SH-52) पथ
करीब 47.875 किलोमीटर लंबी इस सड़क को 990 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा।
4. एसएच-92 गणपतगंज-परवाहा पथ
47.432 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण और सुधार पर 703 करोड़ 95 लाख रुपये खर्च होंगे।
5. ब्रह्मपुर-कोरनसराय-इटाढ़ी-सरंजा-इटाढ़ी बक्सर एवं उजियारपुर-कुकराहा-जमुआंव-इंदौर-समदा पथ
करीब 80.728 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना पर 982 करोड़ 58 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।