PATNA: पूर्व राज्यसभा सांसद एवं SIS समूह के संस्थापक चेयरमैन डॉ. रवीन्द्र किशोर सिन्हा (RK SINHA) के श्राद्धकर्म के मौके पर पटना के पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र स्थित आवास अन्नपूर्णा भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ।
जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय चौधरी, बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर, लालू यादव की बिटिया रोहिणी आचार्य सहित बिहार के कई नेता शामिल हुए और दिवंगत आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्व. आरके सिन्हा के पुत्र ऋतुराज सिन्हा ने घर पर आए तमाम अतिथियों का स्वागत किया।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के संस्थापक एवं बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर के बीच आज 12 नवंबर को आर.के.सिन्हा के ब्रह्मभोज एवं श्रद्धांजलि सभा कार्यक्रम के दौरान अचानक आमना-सामना हुआ। जब प्रशांत किशोर ऋतुराज सिन्हा से मिल रहे थे, उनसे बातचीत कर रहे थे, तभी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आगमन होता है।
ऋतुराज सिन्हा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को रिसिव करते हैं, इस दौरान वो प्रशांत किशोर का हाथ पकड़े रहते हैं। फिर सीएम सम्राट चौधरी से ऋतुराज सिन्हा और प्रशांत किशोर की मुलाकात होती है। दोनों नेता सीएम से हाथ मिलाते हैं, इस दौरान प्रशांत किशोर और सम्राट चौधरी हाथ मिलाते हुए मुस्कुराते हुए बातचीत करते हुए आगे बढ़ जाते हैं।
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बाद और दोनों के बीच लंबे समय से जारी जुबानी जंग व तीखे बयानों के बाद यह पहला मौका था, जब दोनों नेता सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर आमने-सामने और गर्मजोशी से मिलते नजर आते हैं। प्रशांत किशोर लगातार सम्राट चौधरी और उनकी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते रहे हैं, जिसके कारण इस संक्षिप्त मुलाकात की चर्चा राजनीतिक हलकों में तेज हो गई है। इस दौरान दोनों नेता सोफा पर चाय और कॉपी पीते भी नजर आते हैं, जहां बगल में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य भी बैठी नजर आ रही हैं।