Patna News: पटना विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह शनिवार को पटना वीमेंस कॉलेज के मदर वेरोनिका ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। समारोह के दौरान मंच पर बुलाकर डिग्री दिए जाने की मांग को लेकर छात्रों ने हंगामा कर दिया। स्थिति ऐसी बनी कि राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सैय्यद अता हसनैन बिना संबोधन किए ही कार्यक्रम से लौट गए।
दरअसल, कुछ छात्र सभी विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर डिग्री प्रदान किए जाने की मांग कर रहे थे। इसी मांग को लेकर समारोह के दौरान हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद मंच पर केवल गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले टॉपरों और पीएचडी डिग्री धारकों को ही उपाधि प्रदान की गई।
दीक्षांत समारोह में पीजी सत्र 2023-25 के 38 टॉपर विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। गोल्ड मेडल पाने वालों में 28 छात्राएं और 10 छात्र शामिल हैं। इसके अलावा 155 पीएचडी डिग्री धारकों समेत कुल 1305 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई।
समारोह में राज्यपाल सह कुलाधिपति सैय्यद अता हसनैन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं, दीन दयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय, गोरखपुर की कुलपति प्रो. पूनम टंडन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं और उन्होंने दीक्षांत भाषण के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित किया।
समारोह के दौरान छात्रों के हंगामे के कारण राज्यपाल अपना संबोधन पूरा किए बिना ही कार्यक्रम से निकल गए। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।